मेला प्रशासन ने स्थगित किए टेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के आयोजन को लेकर मेला मैदान व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर ठेकेदार कोई उत्साह नहीं दिखा रहे हैं। इससे मेला प्रशासन को टेंडर स्थगित करने पड़े। इस मर्तबा रेणुका मेला मैदान, झूले व रेहड़ी-फड़ी वालों से किराये की वसूली को ठेके पर दिया जाना था। इसको लेकर सदस्य सचिव एवं एसडीएम नाहन की अध्यक्षता में टेंडर प्रक्रिया आयोजित की गई। इसे तकनीकी कारणों से स्थगित कर दिया गया। हालांकि प्रत्येक टेंडर के लिए तीन-तीन ठेकेदारों ने आवेदन किया था लेकिन पहली पारी की तकनीकी बीड में एक-एक ठेकेदार बाहर हो गए और फाइनेंस बीड को खोला ही नहीं गया। इस कारण टेंडर प्रक्रिया को स्थगित करना पड़ा। टेंडर से संबंधित आगामी प्रक्रिया को निभाया जा रहा है। इस मर्तबा मेला प्रशासन ने मेले के मद्देनजर रेणुका मेला मैदान में प्लाट आवंटन के लिए 60 लाख, झूला मैदान की निलामी के लिए 7 लाख व अन्य खाली पड़ी जगहों पर रेहड़ी-फड़ी लगाने की धरोहर राशि एक लाख निर्धारित करते हुए टेंडर आमंत्रित किए थे। इनको एसडीएम कार्यालय नाहन में खोला गया था लेकिन तकनीकी बीड में ही एक-एक ठेकेदार बाहर हो गए। इससे टेंडर प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा सका और टेंडर स्थगित कर दिए गए।
रेणुका विकास बोर्ड के सदस्य सचिव एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने कहा कि अगली तिथि जल्द निर्धारित की जाएगी।