दिन में उमस और गर्मी से बेहाल, रात को लगने लगी अब ठंड
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब का मौसम इन दिनों तेजी से बदल रहा है। दिन और रात के तापमान में भारी अंतर देखने को मिल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की दिनचर्या पर भी असर पड़ रहा है। दिन में तेज उमस और गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, वहीं रात को गिरता तापमान राहत पहुंचा रहा है।
वर्तमान में कालाअंब क्षेत्र में दिन का तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक चल रहा है। उमस भरी गर्मी के कारण दोपहर के समय लोगों को बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। वहीं, रात के समय तापमान में लगभग 10 से 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा रही है।
स्थानीय लोगों में गोपाल, मिंटू, शकुंतला, राजू, विशाल, अशोक और आशीष ने बताया कि दिन और रात के तापमान में इस तरह का अंतर पिछले कुछ वर्षों में कम ही देखने को मिला। वहीं, दिन की उमस भरी गर्मी से काफी परेशानी हो रही है। छोटे बच्चे बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम का शिकार हो रहे हैं। कालाअंब के चिकित्सक डॉ. अजय वर्मा ने बताया कि बदलते मौसम में अक्सर स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें हो जाती हैं। लिहाजा, दिन में बाहर निकलते समय हल्के कपड़े पहनें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, जबकि रात को ठंडक से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं।
-संवाद
-