सिरमौर में शिक्षकों का हल्ला बोल:
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से लागू की गई कलस्टर प्रणाली (कंप्लेक्स सिस्टम) के खिलाफ शिक्षकों ने मोर्चा खोल दिया है। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ सिरमौर ने इस अधिसूचना को वापस लेने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय नाहन में रविवार को एक विशाल आग्रह रैली निकाली।
यह रैली रानीताल पार्क से शुरू हुई जो विभिन्न रास्तों से होती हुई उपायुक्त कार्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान पूरे रास्ते में शिक्षक कलस्टर प्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे। संघ के जिला प्रतिनिधियों ने उपायुक्त कार्यालय में मौजूद प्रतिनिधि को प्रदेश सरकार के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसके माध्यम से कलस्टर प्रणाली को तुरंत बंद करने की मांग की। शिक्षकों ने पुरजोर कहा कि कलस्टर प्रणाली को किसी भी सूरत में लागू नहीं होने देंगे।
जिला प्रधान जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार से 23 सितंबर 2025 की अधिसूचना को तुरंत रद्द करने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से थोपा गया नया सिस्टम शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने के बजाय उसे कमजोर कर रहा है। कलस्टरिंग के नाम पर पदों को रेशनलाइज किया जा रहा है, जिससे कई स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद भरने के बजाय उन्हें मर्ज किया जा रहा है। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में स्कूलों के बीच की दूरी अधिक है। एक क्लस्टर हेड के लिए सभी संबद्ध स्कूलों की निगरानी करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि कलस्टर प्रणाली लागू होने से एचटी, सीएचटी और बीओ जैसे पद भी खत्म हो रहे हैं और पदोन्नति पर भी असर पड़ रहा है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यह रैली पूरी तरह से शांतिपूर्ण और कानून-व्यवस्था के दायरे में रही है। यदि सरकार ने उनकी जायज मांगों और क्लस्टर सिस्टम की विसंगतियों पर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस मौके पर जिलेभर से आए प्राथमिक शिक्षक मौजूद रहे।
-संवाद
नाहन में कलस्टर प्रणाली के खिलाफ आग्रह रैली निकालते सिरमौर से आए प्राथमिक शिक्षक। संवाद