तीसरी कक्षा तक बच्चों को बुनियादी साक्षरता और गणित में दक्ष बनाने का लक्ष्य
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़/नाहन (सिरमौर)। समग्र शिक्षा अभियान के तहत निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बीआरसीसी कार्यालय राजगढ़ में शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें शिक्षा खंड के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों के करीब 80 शिक्षकों ने भाग लिया।
खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी निष्ठा शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में शिक्षकों को मिशन के उद्देश्यों और प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी गई। बीआरसीसी कार्यालय की कमलेश शर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर प्रशिक्षित अध्यापकों ने खंड स्तर पर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षक शिक्षक भरत भूषण ने बताया कि निपुण भारत मिशन का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को तीसरी कक्षा तक पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय गणनाएं करने में सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान भाषा और गणित को खेल, कहानियों, पहेलियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से रोचक ढंग से पढ़ाने का व्यावहारिक अभ्यास करवाया गया। शिक्षकों को बच्चों की रुचि और दैनिक जीवन के अनुभवों से जोड़कर शिक्षण कार्य करने के तरीके भी बताए गए।