दवाओं का अधूरा कोर्स भी बढ़ा रहा खतरा
मेडिकल कॉलेज नाहन में रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह मनाया
विशेषज्ञों ने एंटीबायोटिक के दुरुपयोग और रोगाणुरोधी प्रतिरोध के प्रति किया सचेत
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन करना और निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले दवा छोड़ देना सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। दवाओं के अनावश्यक और गलत इस्तेमाल से रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) बढ़ रहा है।
इसके चलते संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं का असर धीरे-धीरे कम होने लगता है। इस गंभीर चुनौती के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह मनाया गया।
इस वर्ष सप्ताह की थीम एक स्वास्थ्य, एक कार्रवाई : अभी रोगाणुरोधी प्रतिरोध की रोकथाम करें रखी गई। इसके माध्यम से एंटीबायोटिक सहित अन्य रोगाणुरोधी दवाओं के विवेकपूर्ण इस्तेमाल का संदेश दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध केवल मानव स्वास्थ्य तक सीमित समस्या नहीं है, बल्कि इसका संबंध पशुपालन, कृषि और पर्यावरण से भी है। ऐसे में इस चुनौती से निपटने के लिए सभी क्षेत्रों में सामूहिक और समन्वित प्रयास जरूरी हैं।
महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. संगीत ढिल्लों ने दवाओं के तर्कसंगत इस्तेमाल और रोगाणुरोधी प्रतिरोध की रोकथाम के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। सूक्ष्म जीव विज्ञान विभाग की सहायक आचार्य डॉ. दिव्या चौहान, डॉ. विपिन कुमार और संक्रमण नियंत्रण नर्स मीना नेगी ने व्याख्यान के माध्यम से एएमआर के दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में एमबीबीएस के 2021, 2023, 2024 और 2025 बैच के विद्यार्थियों ने भाग लिया। उनके लिए पोस्टर प्रस्तुति, प्रश्नोत्तरी, नुक्कड़ नाटक और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से एंटीबायोटिक दवाओं के सही इस्तेमाल और चिकित्सकीय सलाह के बिना इनके सेवन से बचने का संदेश दिया गया।