पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब और बद्रीपुर बाजार में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक दबिश दी। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. अतुल कायस्थ की अगुवाई में छापामारी हुई है। विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों से मिठाइयों, खोया और पनीर के सैंपल भी लिए हैं।
इस दौरान दुकानदारों को नए खाद्य सुरक्षा अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। देर शाम को खबर लिखे जाने तक पांवटा शहरी क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों में छापामारी का क्रम जारी था। इस दौरान दुकानदारों में खूब हड़कंप मच गया।
मंगलवार दोपहर के समय खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. अतुल कायस्थ की अगुवाई में टीम पांवटा के बद्रीपुर पहुंची जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुज शर्मा, सहयोगियों में दिनेश कुमार और प्रदीप शामिल रहे।
बद्रीपुर से मिठाइयों की दुकानों में छापामारी शुरू की गई। इस दौरान दुकानदारों के लाइसेंस, स्वच्छता की हालत, खुले में ही खाद्य वस्तुएं बेचने और बाहरी राज्यों से पहुंचने वाली मिठाई जांची। नए खाद्य सुरक्षा अधिनियम के बारे में भी जानकारी दी। मिठाई के दुकानदारों को दुकान पर बनी वस्तुओं को ढककर रखने के निर्देश दिए हैं। दुकानों के भीतरी परिसर और आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें। सभी दुकानदारों के लाइसेंस लगे हों। नियमों की अनदेखी होने पर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वह लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न करें। यदि ऐसे मामलों में अनियमितता पाई जाती है, तो फूड सेफ्टी एक्ट के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर, खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त सिरमौर डॉ. अतुल कायस्थ ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब और बद्रीपुर बाजार समेत आधा दर्जन से अधिक मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया है। इस दौरान मिठाइयों और खाद्य सामग्री के सैंपल एकत्र किए गए हैं। सैंपल जांच को प्रयोगशाला में भेज दिए जाएंगे। खाद्य सुरक्षा नियमों और साफ-सफाई रखने की जानकारी व नियमों का पालन करने को कड़ी हिदायत दी है।
.