ददाहू में 12 पंचायतों के 200 बीपीएल परिवारों के लिए हुआ संवाद कार्यक्रम
-विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की दी जानकारी, आवेदन प्रक्रिया भी समझाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। विकास खंड ददाहू की 12 पंचायतों के नवचयनित बीपीएल परिवारों के लिए बुधवार को संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 200 बीपीएल परिवारों के लाभार्थियों को प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीपीएल परिवारों के लिए वार्षिक आय सीमा 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये कर दी है। इससे बीपीएल श्रेणी में शामिल होने वाले पात्र परिवारों की संख्या में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बीपीएल परिवारों का सामाजिक और आर्थिक उत्थान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों की ओर से बीपीएल परिवारों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग इनका लाभ नहीं उठा पाते। इसी उद्देश्य से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, ताकि योजनाओं की जानकारी सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाई जा सके। कार्यक्रम में बीपीएल परिवारों की समस्याएं भी सुनी गईं।
इस दौरान समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, पशुपालन, जल शक्ति और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया भी समझाई।
कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी पवन गर्ग, बीडीओ ददाहू दर्शन लाल पुंडीर, सीडीपीओ ईशाक मोहम्मद, बलदेव सिंह, पूर्ण चंद और हुनर सिंह सहित 12 पंचायतों के जनप्रतिनिधि और बीपीएल परिवारों के लाभार्थी मौजूद रहे।-