क्लाथा पेयजल योजना चोरी मामले में पुलिस के हाथ लगा अहम सुराग
उत्तराखंड की ओर जाता संदिग्ध वाहन सीसीटीवी में कैद
-चोरी करने वाले मास्टरमाइंड की जल्द गिरफ्तारी का पुलिस ने किया दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। क्लाथा और डांडा क्लाथा उठाऊ पेयजल योजनाओं में हुई चोरी के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगा है। सीमा क्षेत्र किल्लौड़ में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध वाहन उत्तराखंड की ओर जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना पुरुवाला के एसएचओ राजेश पाल की टीम तेजी से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं और पुलिस को ऐसे सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी ट्यूबवेल की केबल सहित अन्य सामान चोरी करने वाले मास्टरमाइंड की पहचान लगभग हो चुकी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि गत शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने क्लाथा एवं डांडा क्लाथा उठाऊ पेयजल योजनाओं से पीवीसी केबल काटकर चोरी कर ली थी। चोरी गई केबल की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं, एक योजना का स्टार्टर भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे जलशक्ति विभाग को करीब दो लाख रुपये का अतिरिक्त नुकसान उठाना पड़ा।
जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता परविंद्र सिंह ने बताया कि इन योजनाओं से बढ़ाना पंचायत के क्लाथा, हथिरा, बस्ताना, मसरानी, खील सहित कई गांवों में पेयजल आपूर्ति होती है। चोरी की घटना के बाद जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई थी। हालांकि विभाग ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराया और फिलहाल दोनों पेयजल योजनाओं को सुचारु रूप से चालू कर दिया है, जिससे ग्रामीणों को पानी की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।-