एनडीआरएफ ने पांवटा कॉलेज में किया कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 140वीं वाहिनी, जस्सूर (कांगड़ा) ने वीरवार को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में आपदा तैयारी एवं बाढ़ सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं से बचाव के साथ जीवन रक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
जिला सिरमौर में 16 से 31 जुलाई तक चल रहे क्षेत्र परिचय अभ्यास के तहत आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने की। लेफ्टिनेंट संदीप शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। एनडीआरएफ के उप-निरीक्षक अनिल और उनकी टीम ने आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी राहत कार्य की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाढ़, भूस्खलन, भूकंप, बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं तथा मानव निर्मित आपदाओं के कारण, प्रभाव और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। बरसात को देखते हुए बाढ़ और भूस्खलन से बचाव के लिए मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने, उफनती नदियों से दूर रहने और समय रहते सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई।
एनडीआरएफ की टीम ने हृदय-फेफड़ा पुनर्जीवन (सीपीआर), गले में फंसी वस्तु निकालने की तकनीक, रक्तस्राव रोकने के उपाय, घायलों को सुरक्षित निकालने और कंबल, कमीज या बोरों की सहायता से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने की जानकारी दी। साथ ही आग लगने के कारण, आग के त्रिकोण और विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी भी दी गई।
महाविद्यालय की आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की संयोजक प्राध्यापिका विम्मी रानी ने एनडीआरएफ के अभियान की सराहना की। इस अवसर पर डॉ. ध्यान सिंह तोमर, दीपक, संजीव, कांता चौहान, दिनेश, नंदिनी कंवर, नीलम अंगिरस, कमलेश, कल्याण राणा, लेफ्टिनेंट संदीप शर्मा और लेफ्टिनेंट डॉ. पूजा भाटी सहित महाविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।