ददाहू में पशु स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता शिविर आयोजित, पशु के काटने पर तत्काल उपचार की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। विश्व पशु दिवस के अवसर पर सोमवार को कन्या उच्च पाठशाला ददाहू में पशु स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को रेबीज रोग, इसके संक्रमण, बचाव और रोकथाम के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पशु चिकित्साधिकारी ददाहू डॉ. मयंक गौतम ने बताया कि रेबीज गंभीर और घातक बीमारी है, लेकिन समय पर सावधानी बरतने और आवश्यक टीकाकरण करवाने से इससे बचाव संभव है। उन्होंने छात्राओं को बताया कि कुत्ते या किसी अन्य संदिग्ध पशु के काटने और खरोंच लगने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए। घाव पर किसी भी तरह का घरेलू पदार्थ नहीं लगाना चाहिए और बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लेकर आवश्यक एंटी-रेबीज टीकाकरण करवाना चाहिए।
शिविर में पालतू और आवारा कुत्तों का नियमित एंटी-रेबीज टीकाकरण करवाने, पशुओं के साथ सुरक्षित व्यवहार करने और रेबीज की रोकथाम में आमजन की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई। डॉ. मयंक गौतम ने कहा कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में रेबीज के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मानव एवं पशु स्वास्थ्य के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इस अवसर पर विद्यालय के अन्य अध्यापक भी मौजूद रहे।