नाहन (सिरमौर)। सोसायटी फॉर थिएटर एजुकेशन प्रोडक्शन एंड कल्चरल ऑर्गेनाइजेशन (स्टेपको) नाहन की ओर से शहर में चार दिवसीय माइम कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यशाला में सहारनपुर से आए रवि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माइम कोलकाता से प्रमाणित माइम कलाकार रवि कर्णवाल युवाओं को मूक अभिनय की बारीकियों से परिचित करवाकर अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित कर रहे हैं।
विज्ञापन
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को बिना शब्दों के भावों की अभिव्यक्ति, शारीरिक नियंत्रण, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और मंचीय प्रस्तुति की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
स्टेपको नाहन के अध्यक्ष रजित सिंह कंवर ने बताया कि माइम एक ऐसी कला है जो बिना शब्दों के भी दर्शकों तक गहरी भावनाएं और संदेश पहुंचाने की क्षमता रखती है। संस्था का उद्देश्य नाहन और सिरमौर के युवाओं को इस अनूठी रंगकला से जोड़ना और उनके व्यक्तित्व विकास में योगदान देना है।
उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में प्रतिभावान कलाकारों की कमी नहीं है। स्टेपको की ओर से समय-समय आयोजित किए जाने वाले नाटकों में जिले के कलाकार देश भर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर लगातार पुरस्कार अपने नाम कर रहे हैं।-