सचित्र(उचित स्थान दें, पहली बार इस स्कूल से खबर आई है)
स्कूल के विकास और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला किशनपुरा में नए शैक्षणिक सत्र के लिए स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन के लिए आमसभा की बैठक का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस बैठक में भारी संख्या में ग्रामीणों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यालय स्टाफ के समस्त सदस्यों और लगभग 100 अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रधानाचार्य नीरजा चौहान ने की।
बैठक के दौरान सभी की सर्वसम्मति और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए नई कार्यकारी समिति का चुनाव संपन्न हुआ। इसमें बाल किशन चौधरी को सर्वसम्मति से स्कूल प्रबंधन समिति का नया अध्यक्ष (प्रधान) चुना गया। समिति को मजबूती देने के लिए अन्य अभिभावकों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया, जिनमें मुख्य रूप से अमरेश राम, संतोष देवी, शिवानी देवी, गुलजारी लाल, शकुंतला देवी, कुलदीप, सुमित्रा देवी, कमलेश, संगीता देवी, बलविंद्र कौर, राधा देवी, अनु बाला और सुषमा देवी शामिल हैं।
इनके अलावा स्थानीय पंचायत वार्ड सदस्य (पीआरआई सदस्य) आशु देवी और आशा वर्कर (वार्ड नं. 10) राज बाला को भी समिति में विशेष स्थान दिया गया है। विद्यालय की प्रधानाचार्या नीरजा चौहान इस समिति में सदस्य सचिव के रूप में कार्यभार संभालेंगी।
प्रधानाचार्य नीरजा चौहान ने नवगठित समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई समिति के सहयोग से विद्यालय विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। इस मौके पर सभी ने स्कूल के सर्वांगीण विकास और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की शपथ भी ली। बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।