शिलाई के तहत 10 पंचायतों के केंद्र बिंदु टिंबी में बने शौचालय की कोई नहीं ले रहा सुध
मरम्मत और देख रेख के अभाव में बंद पड़ा शौचालय
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर) शिलाई उपमंडल की अश्याडी द्वारा टिंबी पंचायत में बना सार्वजनिक शौचालय कई वर्षों से बंद पड़ा है। इस शौचालय की न तो पंचायत सुध ले रही है और न ही व्यापार मंडल।
शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लगभग दस पंचायतों का केंद्र बिंदु (नेडा पुल) टिंबी में बने सार्वजनिक शौचालय खस्ता हालात में है। अश्याडी, कोटि उतरऊ, मिल्ला, क्यारी गुंडाह, बकरास, दिगवा, पाब मानल, बांबल और शिल्ला सहित अनेकों पंचायतों के लोगों का केंद्र बिंदु टिंबी पड़ता है, यहां आए दिन लोगों को आना जाना रहता है। इसके बावजूद एक शौचालय तक की सुविधा लोगों को पास नहीं है। टिंबी में बने सार्वजनिक शौचालय के देख रेख एवं पानी की सुचारू व्यवस्था अति आवश्यक है, क्योंकि इस क्षेत्र में जिस प्रकार मकानों का निर्माण हो रहा हैं और अधिक लोगों का आवागमन इस क्षेत्र में प्रतिदिन देखने को मिलता है, उस परिपेक्ष में इस क्षेत्र में सबसे ज्यादा समस्या इस क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों और स्कूली छात्राओं को देखने को मिल रही है। स्थानीय निवासी रमेश चंद, ग्यारूराम, नानकू, दिगवाराम, रामभज ने संबंधित विभाग और प्रशासन से टिंबी में बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय को दोबारा शुरू करने की मांंग की है।