रोनहाट क्षेत्र की सैंज खड्ड सड़क पर हादसे के बाद खाई से घायलों को निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाते ग्
- फोटो : NAHAN
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शिलाई उपमंडल के रोनहाट में सैंज खड्ड सड़क पर धाऊ की धार के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक की शिनाख्त जीत सिंह पुत्र दौलतराम (45) निवासी बड़ोल, उपतहसील हरिपुरधार के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक बड़ोल पंचायत का पूर्व उपप्रधान था। हादसे में विपिन शर्मा पुत्र जगतराम (35) निवासी कांडो, डाकघर बड़ोल और दलीप सिंह पुत्र जसवाराम (37) निवासी गांव गुवाऊ, बड़ोल, उपतहसील हरिपुरधार घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह एक कार एचपी 71-6852 सैंज खड्ड से रोनहाट की तरफ आ रही थी।
धाऊ की धार नामक स्थान पर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए रोनहाट अस्पताल पहुंचाया। इनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि दो युवकों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उच्च स्वास्थ्य संस्थान के लिए रेफर किया है। शिलाई के एसडीएम सुरेश कुमार सिंघा ने बताया कि मृतक के परिजनों को प्रशासन की तरफ से 10,000 रुपये और घायलों के परिजनों को 5,000-5,000 रुपये की फौरी राहत जारी की गई है। डीएसपी मनीष चौधरी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
रोनहाट के सैंज खड्ड सड़क के पास गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त कार। संवाद- फोटो : NAHAN