ददाहू (सिरमौर)। श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने वाले गिरि नदी पर बने पुल की मियाद पूरी हो चुकी है। इसे देखते हुए दूसरी तरफ बनाए जा रहे पुल का निर्माण कार्य भी अधर में लटक गया है। लिहाजा, नया पुल बनने में अभी काफी वक्त लग सकता है और पुराना पुल खतरे से खाली नहीं है। दो साल बाद इसकी मियाद भी पूरी होने वाली है।
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग ने ददाहू के समीप नए पुल का निर्माण कार्य तो तीन साल पहले शुरू कर दिया लेकिन एफसीए से इसकी स्वीकृति नहीं ली। गिरि नदी में दो पिलरों का निर्माण शुरू हुआ तो एक पिलर के निर्माण में चट्टान बाधा बन गई। जबकि, दूसरा पिलर का आधा निर्माण कर लिया। पिलर के नीचे बाधा बनी चट्टान को काटने में विभाग को चार माह का वक्त लग गया।
इस बीच वन विभाग को भनक लगी तो पिलर वन क्षेत्र में आ गया, जिसका निर्माण कार्य रोक दिया गया। छह माह बाद भी पुल का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जबकि, 16 नवंबर 1974 को बना पुराना पुल अपनी आयु पूरी करने के कगार पर है, जो जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। यह कभी भी बड़े हादसे को अंजाम दे सकता है।
....
नए पुल निर्माण की अवधि पूरी
पुराने पुल के साथ ही 165 मीटर लंबे डबल लेन व आधुनिक पुल के निर्माण की योजना तैयार की गई थी। इस पर 13.49 करोड़ रुपये की राशि खर्च होनी थी, जिसका शिलान्यास 19 नवंबर 2018 को तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया। दो साल की अवधि में ये पुल बनकर तैयार होना था। इसकी निर्माण की अवधि मार्च 2022 में पूरी हो चुकी है लेकिन पुल का निर्माण 50 फीसदी भी पूरा नहीं हो सका है।
.....
48 साल का हो चुका पुराना पुुल
पुराने पुल के निर्माण को 48 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। यह केवल दो वर्ष का समय ही झेल पाएगा। ऐसे में नए पुल का न बनना विभाग के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। दिलचस्प यह है कि पुराना पुल भी मात्र नौ टन भार सहन करने की क्षमता रखता है। जबकि वर्तमान में इस पुल से 30 से 35 टन वजनी वाहन गुजर रहे हैं।
.....
वन संरक्षण अधिनियम की स्वीकृति गले की फांस
नए पुल के निर्माण को लेकर वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) की स्वीकृति मिलना विभाग के लिए गले की फांस बना हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का मानना है कि नए पुल के निर्माण को लेकर शीघ्र ही कोई बीच का रास्ता निकाल कर निर्माण कार्य आरंभ करवाया जाएगा। ठेकेदार की मशीनरी को मौके पर ही रखा गया है। विभाग ने पुराने पुल की मरम्मत की प्रक्रिया को जारी भी रखा है।
.....
सकारात्मक हल निकालने की प्रक्रिया जारी
नए पुल के निर्माण का 40 फीसदी से अधिक पूरा हो चुका है। एफसीए(वन संरक्षण अधिनियम) की स्वीकृति को लेकर वन विभाग से पत्राचार जारी है। शीघ्र ही इस मामले में सकारात्मक हल निकाला जाएगा।
- दलीप तोमर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग।
....
नहीं ली एफसीए की स्वीकृति
नए पुल के निर्माण से पूर्व लोक निर्माण विभाग ने एफसीए की स्वीकृति नहीं ली। इस कारण निर्माण कार्य रोका गया है। निशानदेही में एक पिलर वन विभाग की भूमि में पाया गया है।
- प्रदीप ठाकुर, वन परिक्षेत्राधिकारी वन मंडल रेणुकाजी।
सिरमौर के ददाहू में गिरि नदी में बनाए जा रहे पुल का एक पिल्लर, जिसके नीचे कठोर चट्टान फंस गई। संवाद- फोटो : NAHAN
ददाहू के समीप श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र को जोड़ने वाला 48 साल पुराना पुल। संवाद- फोटो : NAHAN