Coronavirus economic impact concept image
- फोटो : Feydzhet Shabanov - stock.adobe.
नाहन (सिरमौर)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दे दिए हैं। सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य खंडों में कोरोना टेस्टिंग बढ़ाई जाए। अस्पतालों में आने वाले खांसी व बुखार के मरीज जिनमें कोरोना के संभावित लक्षण दिखाई दें, उनका कोरोना टेस्ट अवश्य किया जाए। सोमवार को वर्चुअल बैठक के दौरान उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश जारी किए।
उन्होंने कोरोना की संभावित चौथी लहर के मद्देनजर सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करवाने, अस्पतालों में ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन बिस्तरों की व्यवस्था आदि सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि रोजाना सैंपलिंग बढ़ाई जाए। लोगों को सैंपलिंग के लिए प्रोत्साहित करवाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि सोमवार को वर्चुअल बैठक के माध्यम से बीएमओ और स्वास्थ्य अधिकारियों को कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार विभाग तैयारियों में जुट गया है। पहले व्यवस्थागत ढांचा और अब टेस्टिंग बढ़ाने का कार्य शुरू किया जा रहा है।
----
सिरमौर में कोरोना के तीन मामले
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले में वर्तमान में कोरोना के तीन सक्रिय मामले हैं। गत एक सप्ताह के दौरान यह मामले सामने आए हैं। अब कोरोना को लेकर सरकार के निर्देशानुसार टेस्टिंग बढ़ाए जाने पर इनमें और इजाफा होने की संभावना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने जिले में तीन सक्रिय मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने लोगों से कोविड नियमों का पालन करने और टेस्ट करवाने की मांग की है।