सिरमौर जिले के नैनाटिक्कर क्षेत्र के मेहली गांव में मंदिर के पुजारी पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने और कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप लगे हैं। शिकायत मिलने के बाद पच्छाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार्रवाई का दलित शोषण मुक्ति मंच ने स्वागत किया है।
शिकायतकर्ता बाला राम, निवासी मेहली ने पुलिस को बताया कि 29 अगस्त को जल शक्ति विभाग से जुड़े काम के दौरान मंदिर के पुजारी के साथ उसका विवाद हुआ। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ता ने सिर पर डंडे से चोट पहुंचाने और धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पच्छाद में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले को लेकर दलित शोषण मुक्ति मंच ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। मंच के संयोजक आशीष कुमार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करने की मांग की है।