खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजगढ़ में प्रशिक्षण शिविर का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। खाद्य सुरक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश के सौजन्य से राजगढ़ में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्रशिक्षक नीरज शर्मा ने किया।
शिविर में होटल, ढाबा, मिष्ठान भंडार, करियाना दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी पर खाद्य पदार्थों का व्यापार करने वाले व्यवसायियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षक नीरज शर्मा ने बताया कि फोस्टेक के तहत दिए जा रहे प्रशिक्षण का उद्देश्य खाद्य व्यवसायों में स्वच्छता और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करना है।
व्यापारियों को बताया गया कि खाद्य पदार्थ तैयार करते समय किन-किन बातों का विशेष ध्यान रखना है। खाद्य पदार्थ बनाने वाले कर्मियों की स्वास्थ्य जांच कितने समयांतराल पर होनी चाहिए, उपयोग किए जाने वाले तेल का कितनी बार पुन: प्रयोग किया जा सकता है। तैयार खाद्य पदार्थ कितने समय और किस तापमान में सुरक्षित रहते हैं आदि विषयों पर जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त खाद्य तैयार करने वाले कर्मचारियों की वेशभूषा, जैसे एप्रन, हेड कवर, दस्ताने आदि का सही उपयोग कैसे किया जाए, इस पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण में खाद्य भंडारण, साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के नियमों की भी जानकारी दी गई।