-कलश यात्रा में शामिल हुए क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु
-6 से 15 अप्रैल तक चलेगा धार्मिक अनुष्ठान
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद उपमंडल के भूर्शिंग महादेव मंदिर में रविवार से दस दिवसीय शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से सैकड़ों महिलाओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। मंदिर समिति के अध्यक्ष मदन मोहन अत्री ने बताया कि सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय की भावना से इस वर्ष भी मंदिर परिसर में शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है।
कथा का वाचन आचार्य पवन शर्मा की ओर से किया जा रहा है। रविवार सुबह 11 बजे कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ, जो दोपहर 1 बजे मंदिर परिसर में संपन्न हुई। इसके बाद दोपहर 1 से 4 बजे तक कथा का आयोजन किया गया। कथा के प्रथम दिवस विद्येश्वर संहिता के अंतर्गत शिव महिमा, रुद्राक्ष का महत्व, पार्थिव शिवलिंग निर्माण का विस्तार से वर्णन किया गया।
उन्होंने बताया कि 6 से 14 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 6 से 11 बजे तक मूल पाठ व पूजा-अर्चना होगी, जबकि दोपहर 1 से 4 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा। आरती और प्रसाद वितरण के बाद भंडारे का आयोजन होगा। 15 अप्रैल को धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा। संवाद