नाहन-कुमारहट़्टी एनएच पर वन विभाग की टीम द्वारा रेस्क्यू किया गया शावक। स्रोत : विभाग
करीब एक माह का है शावक, प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया पशु चिकित्सालय
मां से मिलाने के लिए फिर घटनास्थल पर छोड़ा जाएगा, नहीं आने पर भेजेंगे टूटीकंडी जू
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग-907ए पर जांगीरुग के समीप मोबाइल टावर के खंभे लगाने के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में फंसे वाइल्ड लैपर्ड कैट के एक शावक को वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू किया है। करीब एक माह के इस शावक को प्राथमिक उपचार और निगरानी के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया है।
कच्चा टैंक निवासी फहीम और जीशान शुक्रवार को जमटा की ओर जा रहे थे। रास्ते में पैराफिट के समीप उन्हें किसी छोटे जीव के रोने की आवाज सुनाई दी। मोबाइल की रोशनी से देखने पर सीमेंट की पुलिया वाले गहरे गड्ढे में वाइल्ड लैपर्ड कैट का शावक फंसा दिखाई दिया। दोनों युवकों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद जमटा वन परिक्षेत्र के रेंज अधिकारी प्रेम कंवर, बीट अधिकारी और वन रक्षक मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने करीब आधे घंटे तक चले अभियान के बाद शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जमटा वन परिक्षेत्र के रेंज अधिकारी प्रेम कंवर ने बताया कि रेस्क्यू किया गया शावक वाइल्ड लैपर्ड कैट प्रजाति का है और उसकी आयु लगभग एक माह है। वन्यजीव संरक्षण के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उपचार के बाद शावक को पुनः उसी स्थान पर रखा जाएगा, ताकि उसकी मां आकर उसे अपने साथ ले जा सके। यदि कुछ समय तक उसकी मां नहीं पहुंचती है तो शावक को सुरक्षित संरक्षण और पालन-पोषण के लिए टूटीकंडी जू भेज दिया जाएगा।
नाहन-कुमारहट़्टी एनएच पर वन विभाग की टीम द्वारा रेस्क्यू किया गया शावक। स्रोत : विभाग