मेलों से बढ़ता है आपसी सौहार्द : हर्षवर्धन चौहान
उद्योग मंत्री ने किया शनोल मेले का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। हिमाचल देवघरा है जहां अधिकांश मेले देवी-देवताओं व प्राचीन परंपराओं से जुड़े हैं। मेले जहां आपसी एकता- अखंडता एवं आपसी सौहार्द को बढ़ावा देते हैं वहीं इस तरह के मेलों में आयोजित होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं व सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लोगों का मनोरंजन होने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने में भी अहम भूमिका अदा करते हैं।
यह उद्गार उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने राजगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत नई-नेटी में तीन दिवसीय शनोल मेले के समापन अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है।
उद्योग मंत्री ने मेला ग्राउंड के लिए तीन लाख रुपये, शनोल मंच निर्माण के लिए दो लाख, मंदिर प्रांगण निर्माण के लिए एक लाख, देवी नगरकोटी प्रांगण निर्माण के लिए दो लाख तथा मेला कमेटी के लिए पच्चीस हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आनंद परमार तथा चेयरमैन मण्डी समिति सीता राम शर्मा ने भी अपने विचार साझा किए।
इससे पूर्व मेला कमेटी प्रधान कंवर प्रदीप सिंह तथा प्रधान नेई-नेटी तारा दत्त ने मुख्यातिथि को शाल, टोपी व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि ने मेला ग्राउंड का निरीक्षण करने के उपरांत देवदार का पौधा लगा कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके उपरांत उन्होंने पंचायत घर नेई-नेटी में लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
उन्होंने मेले के दौरान आयोजित करवाई गई खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा दंगल के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए।
मुख्यातिथि ने छोटी माली के विजेता वीर सिंह को 7,100 रुपये तथा बड़ी माली के विजेता विक्रम को 11,000 रुपये देकर पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। इस अवसर पर निदेशक आत्मा प्रोजेक्ट इंदर सिह कंवर, एसडीएम राजगढ़ सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।