संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार (सिरमौर)। संगड़ाह के उपमंडलाधिकारी एसडीएम सुनील कायथ ने शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नौहराधार का विशेष दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर का गहन निरीक्षण किया और केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम श्री योजना के तहत स्कूल में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों और शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने आधुनिक बुनियादी ढांचा में तैयार स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर लैब, डिजिटल लर्निंग टूल्स, और पुस्तकालय का जायजा लिया और इनके अपग्रेडेशन की जरूरत व्यक्त की।
इस मौके पर एसडीएम सुनील कैथ ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्रों से सीधा संवाद किया और उनसे सामान्य ज्ञान व पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे। उन्होंने शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप प्रयोगात्मक और कौशल-आधारित शिक्षा पर जोर देने के निर्देश दिए।
उन्होंने परिसर में स्वच्छता, पीने के पानी की व्यवस्था और मिड-डे मील की गुणवत्ता को भी परखा और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने की हिदायत दी। इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह चौहान, स्कूल प्रबंधन समिति की पूर्व अध्यक्ष पूनम ठाकुर और वर्तमान अध्यक्ष भगत सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे।