बस रूट फॉर्मूलेशन समिति की बैठक में नए रूटों के प्रस्ताव जिला कार्यालय भेजने पर सहमति
-सराहां में एसडीएम की अध्यक्षता में पच्छाद की बस रूट फॉर्मूलेशन समिति की विशेष बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। उपमंडल पच्छाद की बस रूट फॉर्मूलेशन समिति की विशेष बैठक विकास खंड अधिकारी कार्यालय पच्छाद (सराहां) में आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के अधिकारियों ने भाग लेकर क्षेत्र में बस सेवाओं को सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में हिमाचल पथ परिवहन निगम के नाहन डिपो के प्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग सराहां के अधिशासी अभियंता प्रमोद आर्या, पंचायत समिति अध्यक्ष प्रकाश भाटिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पंचायत प्रधान मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न बस रूटों की समीक्षा की गई। पंचायत प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बंद पड़ी बस सेवाओं, सड़क संपर्क वाले मार्गों तथा यात्रियों की समस्याओं को विस्तार से समिति के समक्ष रखा। प्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं के विस्तार और नियमित बस सेवाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसके अलावा उन मार्गों पर भी चर्चा की गई, जहां अभी तक बस सेवा उपलब्ध नहीं है। बैठक में ऐसे प्रस्तावित बस रूटों का प्रस्ताव तैयार कर जिला कार्यालय भेजने पर सहमति बनी, ताकि आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। एसडीएम डॉ. प्रियंका चंद्रा ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर संकलित कर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से जिला स्तर पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।