द स्कॉलर्स होम स्कूल में पीटीसीएम के साथ
निदेशक डॉ. एनपीएस नारंग और गुरमीत कौर नारंग ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
100 से अधिक मॉडल और प्रोजेक्ट्स ने आकर्षित किया अभिभावकों का ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब। द स्कॉलर्स होम स्कूल, मुख्य शाखा में शनिवार को छात्र-शिक्षक-अभिभावक (पीटीसीएम) बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान विज्ञान-गणित (साइंस एवं मैथ्स) प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने विज्ञान और गणित से जुड़े अभिनव मॉडल, प्रोजेक्ट्स और वर्किंग प्रयोग प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक डॉ. एनपीएस नारंग और गुरमीत कौर नारंग ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों के मॉडलों और वैज्ञानिक सोच की सराहना की। इस अवसर पर डॉ. नारंग ने कहा कि पीटीसीएम का उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है, ताकि विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, व्यवहार और सर्वांगीण विकास पर मिलकर कार्य किया जा सके।
बैठक में रिपोर्ट कार्ड, परीक्षा परिणाम, विद्यालय की नीतियों और विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। विज्ञान-गणित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान और गणित के सिद्धांतों पर आधारित अनेक वर्किंग मॉडल और प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और विषयों की अवधारणाओं को मजबूत करना था। प्रदर्शनी में अभिभावकों ने भी बच्चों के नवाचारों को सराहा।
विद्यालय की निदेशक गुरमीत कौर नारंग ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की रचनात्मकता, मेहनत और समर्पण की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य अभिषेक शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी का सफल आयोजन विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने 100 से अधिक नवाचार आधारित प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।-