शिक्षा खंड शिलाई के अंतर्गत लोजा मानल पंचायत के प्राथमिक स्कूल देवथल में कार्यरत एकमात्र शिक्षक के दो दिन से स्कूल से नदारद रहने पर गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार को स्कूल में ताला जड़ दिया। बाद में ग्रामीणों ने इसकी सूचना प्राथमिक शिक्षा खंड अधिकारी को दी।
ग्रामीण पूर्व पंचायत प्रधान दीपा राम शर्मा, पूर्व उप प्रधान मदन सिंह, स्कूल एसएमसी अध्यक्ष रमेश चंद, चमेल सिंह, सुरेश कुमार व अमित कुमार आदि ने बताया कि प्राथमिक स्कूल देवथल में 46 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। स्कूल में मात्र एक अध्यापक मौजूद है जो सोमवार व मंगलवार को स्कूल में नहीं पहुंचा था। इस पर गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार को स्कूल में ताला जड़ दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि इसकी सूचना प्राथमिक शिक्षा खंड अधिकारी को भी दे दी गई है। अधिकारियों के मौके पर आने के बाद ही स्कूल का ताला खोला जाएगा।
उधर, इस बारे में बीपीईओ शिलाई सुंदर सिंह ने बताया कि उन्हें इस प्राथमिक स्कूल देवथल से शिक्षक के नदारद रहने की शिकायत मिली है। बुधवार को स्कूल में पहुंचकर मामले की जांच की जाएगी।