व्यापार मंडल बाजार में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। सराहां व्यापार मंडल की विशेष बैठक लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित हुई। बैठक में बाजार के व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं पर चर्चा के बाद पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक में कुणाल गर्ग को अध्यक्ष, तरुण खुराना को उपाध्यक्ष, दीक्षित अग्रवाल को सचिव और नीरज शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही 11 सदस्यीय कोर समिति का गठन भी किया गया। इसमें सूर्यप्रकाश, सुखचैन सिंह, राजीव ठाकुर, शिवम गुप्ता, रेणु गाजटा, प्रवीण शर्मा, अंकित गर्ग, आरडी पराशर, युगल सपरा, योगेश वर्मा और संजय टुटेजा को शामिल किया गया।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद व्यापारियों ने बाजार में कारोबार से जुड़ी चुनौतियों, सुविधाओं और विकास की संभावनाओं पर मंथन किया। बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ाने, व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाने तथा स्थानीय व्यापार को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर आगामी योजनाओं पर चर्चा हुई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापार मंडल सभी दुकानदारों को साथ लेकर सराहां बाजार के व्यापारिक हितों के लिए काम करेगा। व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने के साथ बाजार के विकास और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए संबंधित विभागों एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
बैठक में जसमीत सेठी, रिशु शर्मा, संदीप शर्मा, संजय शर्मा, जतिन सपरा, विभोर गोयल, अजय गोयल, विनोद शर्मा, देवांशु शर्मा, पिंकी, ऋषभ शर्मा, मनीष वर्मा, गुरमोहन दास गुप्ता, अरुण गोयल, संजय गौतम और करण पांडे सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।