संवाद न्यूज एजेंसी
संगड़ाह (सिरमौर)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह की एनसीसी इकाई ने एनएसएस, रोवर्स एंड रेंजर्स और महाविद्यालय के क्लबों के सहयोग से तिरंगा रैली निकाली। रैली राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह से जोगाधार कॉलोनी तक निकाली गई।
रैली का नेतृत्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सरिता, एनसीसी एएनओ लेफ्टिनेंट कविता चौहान और डॉ. पुरवांशी ने किया। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आमजन को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया।
विद्यार्थियों ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने का आह्वान किया। इस दौरान लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वेद प्रकाश शर्मा ने विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामूहिक आयोजन युवाओं में देशप्रेम, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।