क्वालिफाई मैच में दिवड़ी खड़ाहन को हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
संगड़ाह (सिरमौर)। उपमंडल संगड़ाह के हरिपुरधार में आयोजित क्रिकेट चैंपियनशिप में सांगना वॉरियर्स ने टॉप-10 टीमों स्थान सुनिश्चित कर लिया है। टीम ने लगातार तीन मुकाबलों में प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया।
सांगना वॉरियर्स ने पहले मुकाबले में मालत को रोमांचक मुकाबले में 3 रनों से पराजित किया। इसके बाद दूसरे मैच में शिलाहन की टीम को 48 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। तीसरे और निर्णायक मुकाबले में सांगना वॉरियर्स ने दिवड़ी खड़ाहन की ओर से दिए 76 रनों के लक्ष्य को मात्र चार ओवर में हासिल कर टॉप-10 में क्वालिफाई किया।
प्रतियोगिता के मुख्यातिथि सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता प्रताप रावत ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए धिरवाण राणा ब्रदर्स हरिपुरधार को बधाई दी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को चांदी की ट्रॉफी के साथ दो लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को ट्रॉफी सहित एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।