प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता
पत्रकार वार्ता में शिक्षा उपनिदेशक हिमेंद्र बाली ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में संगम शिक्षा व्यवस्था को लेकर 6 जनवरी को जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन की अध्यक्षता प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर करेंगे। यह जानकारी जिला उपनिदेशक उच्च शिक्षा सिरमौर हिमेंद्र बाली ने शनिवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
हिमेंद्र बाली ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में संगम शिक्षा व्यवस्था को सक्रिय रूप से लागू किया जा रहा है। इसके तहत शिक्षा मंत्री और शिक्षा सचिव प्रदेश के प्रत्येक जिले में जाकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के साथ संवेदीकरण अभियान चला रहे हैं, ताकि नई शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि 6 जनवरी को नाहन में होने वाले इस जिला स्तरीय सम्मेलन में जिले के सभी प्रधानाचार्य, सीएचटी, बीईईओ और मुख्याध्यापक भाग लेंगे। सम्मेलन में संगम शिक्षा व्यवस्था के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उपनिदेशक ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना, शिक्षकों को नई व्यवस्था से जोड़ना और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर जिला उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर, शिक्षा उपनिदेशक गुणवत्ता सिरमौर रीता मौजूद रहीं।
संवाद