-शोरूम से निकाले नए वाहन, बाजारों में खरीदारों का लगा तांता
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। धनतेरस पर जिला सिरमौर में लोगों ने जमकर खरीदारी की। मुख्यालय नाहन सहित जिले के अन्य बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। आलम यह रहा कि नाहन बाजार में तिल धरने तक की जगह नहीं थी। धनतेरस पर इस मर्तबा करोड़ों रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
आभूषण, बर्तन, कपड़ों आदि की दुकानों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। बर्तन-आभूषणों के अलावा गाड़ी-बाइक के शोरूम, मिठाइयों, ड्राई फ्रूटस, कपड़ों और फर्नीचर की दुकानों में भी ठीकठाक खरीदारी हुई है।
जानकारी के अनुसार नाहन के अलावा पांवटा साहिब, कालाअंब, ददाहू, सराहां, राजगढ़, राजपुर, सतौन, शिलाई, नौहराधार, हरिपुरधार और संगड़ाह आदि बाजार में धनतेरस पर रौनक रही। कई लोगों ने त्योहारी सीजन पर कई तरह के सामानों पर मिल रही विशेष छूट का भी फायदा उठाया।
नाहन शहर के बाजार में शनिवार को सुबह से ही लोग जुटना शुरू हो गए थे। दोपहर तक बाजार में काफी भीड़ उमड़ी। ये सिलसिला शाम तक भी जारी रहा। बाजार में भीड़ उमड़ते देख कारोबारियों की बांछें खिली रहीं। दुकानदारों ने बर्तनों की खरीद पर उपभोक्ताओं को छूट दी। शहर में टीवी, फ्रिज सहित अन्य इलेक्ट्राॅनिक आइटम भी खूब बिकी।
सुभाष ज्वेलर्स, नवरतन ज्वेलर्स, खिंदड़ी ज्वेलर्स समेत दूसरे ज्वेलर्स की दुकानों में धनतेरस पर खासी भीड़ रही। लोगों में ज्वेलरी खरीदने को लेकर काफी उत्साह देखा गया।
बाक्स
झाडू की भी हुई जमकर खरीदारी
धनतेरस पर शहर के लोगों ने झाडू की भी खरीदारी की। शहर में कई जगह विशेष रूप से झाडू की दुकानें लगाई गईं। इन दुकानों पर लोगों ने पहुंंचकर झाडू की खरीदारी की। लोग दूसरे सामान के साथ-साथ झाडू खरीदकर घर ले जाते नजर आए।
बाक्स........
चौगान मैदान में सजीं पटाखों की दुकानें
शहर के चौगान मैदान में मंगलवार को पटाखों की दुकानें सज गईं। दुकानों में इस बार ग्रीन पटाखे भी बिक्री के लिए रखे गए हैं। दुकानदारों का कहना था कि इस बार पिछले साल के मुकाबले 15-25 फीसदी तक पटाखों के दाम बढ़ गए हैं। ग्रीन पटाखों के दाम भी बढ़े हुए हैं। इस दौरान कई लोगों ने दीपावली पर्व के लिए पटाखे और आतिशबाजी की खरीदारी की। प्रशासन ने यहां अप्रिय घटना से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड भी खड़ी कर रखी है। जबकि दुकानदारों को भी रेत, पानी रखने और दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर दूरी रखने की की नसीहत दे रखी है।
-संवाद
नाहन में एक ज्वेलर्स की दुकान में धनतेरस पर खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
नाहन में एक ज्वेलर्स की दुकान में धनतेरस पर खरीदारी करते ग्राहक। संवाद