संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। श्री भगवान श्री सत्य साईं बाबा की 101वीं पावन जयंती के उपलक्ष्य में श्री सत्य साईं सेवा संगठन नाहन की ओर से धार्मिक और सेवा कार्यों की शृंखला आयोजित की जा रही है। इस पावन अवसर पर 22 नवंबर (रविवार) को शहर में एक भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली जाएगी।
जिला प्रधान प्रो. अमर सिंह चौहान ने बताया कि रविवार सुबह 10:30 बजे साईं हॉल रानीताल से पालकी शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। यह शोभायात्रा पक्का टैंक, गुन्नूघाट, बड़ा चौक, छोटा चौक, कच्चा टैंक और चौहान का बाग होते हुए वापस साईं हॉल रानीताल पहुंचेगी। यात्रा के समापन पर साईं हॉल में भजन-कीर्तन और मंगल आरती होगी, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद वितरित किया जाएगा।
जयंती महोत्सव के तहत नाहन समिति मंगलवार से विभिन्न आध्यात्मिक और मानव सेवा के कार्यक्रम शुरू कर दिए गए हैं। इसके तहत 18 नवंबर की सुबह 9:30 बजे से साईं मंदिर रानीताल में लक्ष्य अर्चना और दोपहर 1:00 बजे आस्था हॉस्टल नाहन में नारायण सेवा (भोजन वितरण) की जाएगी। अगले दिन, 19 नवंबर की शाम 5:30 बजे से साईं मंदिर रानीताल में महिला दिवस मनाया जाएगा। जबकि 20 नवंबर को शहर के सफाई कर्मचारियों के सम्मान में विशेष नारायण सेवा का आयोजन होगा। इसी प्रकार 21 नवंबर को पालकी शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
महोत्सव के अंतिम दिन 23 नवंबर को प्रात: 5:20 बजे साई हॉल रानीताल से सुप्रभातम एवं प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सायं 5:30 बजे से साईं मंदिर रानीताल में श्री सत्य साईं बाबा का शुभ जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
श्री सत्य साईं सेवा समिति के जिला अध्यक्ष, संयोजक और समस्त साईं प्रेमियों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार इन सभी कार्यक्रमों और शोभायात्रा में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें।-