नाहन (सिरमौर)। पल्स पोलियो अभियान में अपनी सहभागिता निभाते हुए रोटरी क्लब नाहन ने स्वयं सेवकों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए फूड पैकेट वितरण सेवा परियोजना का शुभारंभ किया। क्लब की टीम ने अध्यक्ष मनीष जैन के नेतृत्व में एमसीएच सेंटर से फूड पैकेट वितरण अभियान का प्रारंभ किया।
इसके बाद रोटरी क्लब नाहन के सदस्यों ने शहर के सभी पोलियो बूथों का दौरा कर वहां सेवाएं दे रहे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, आशा वर्करों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य स्वयंसेवकों को फूड पैकेट वितरित किए। क्लब की टीम जाबल का बाग सहित विभिन्न पोलियो बूथों पर पहुंची और अंत में गढ़ा स्थित अंतिम पोलियो बूथ पर भी स्वयंसेवकों को फूड पैकेट वितरित कर उनके समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया।
क्लब के अध्यक्ष मनीष जैन ने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल का एंड पोलियो नाउ अभियान विश्व के सबसे सफल जनस्वास्थ्य अभियानों में से एक है। क्लब द्वारा पूर्व में सिरमौर जिले के पांच बच्चों के होल इन हार्ट ऑपरेशन भी रोटरी फाउंडेशन के सहयोग से करवाए जा चुके हैं। इस अवसर पर राजेंद्र बंसल, वीके अरोड़ा, आरिफ अब्बास, रूपेश गर्ग, अशोक सिकंद, अश्विनी सैनी सहित अन्य सदस्यों ने भी फूड पैकेट वितरण अभियान में सक्रिय सहयोग दिया।