-सेना छावनी में चला पौधरोपण अभियान, विभिन्न प्रजातियों के पौधों से बढ़ाई हरियाली
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को मजबूत करते हुए रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स ने फर्स्ट पैरा आर्मी के सहयोग से गुरुवार को नाहन स्थित सेना छावनी में पौधरोपण अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के 85 पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
अभियान का नेतृत्व रोटरी क्लब की ओर से परियोजना अध्यक्ष राजीव बंसल ने किया, जबकि फर्स्ट पैरा आर्मी की ओर से सूबेदार मेजर अरुण तोमर ने समन्वय किया। अभियान के दौरान पदम, अमलतास, विलो, चंपा, गुलबहार, चंदन, तेजपत्ता, बबूल और जरुल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों में पौधरोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सेना अधिकारियों और जवानों का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कमांडिंग अधिकारी कर्नल योगेंद्र के नेतृत्व में सेना के जवानों ने पूरे उत्साह के साथ अभियान में भाग लिया।
अभियान में क्लब की अध्यक्ष प्रगति सबलोक, सचिव विकास रतन, अमित अत्री, सुशील अत्री, डॉ. एसके सबलोक, डॉ. सीएल शर्मा, राकेश थापा, ओम वीर सिंह, अमित डहरी, इनर व्हील क्लब ऑफ नाहन क्लासिक की ओर से अलका मोहिंद्रा, सपना सोलंकी और दलजीत कौर मौजूद रहे।-