मैनकाइंड इकाई में सड़क सुरक्षा के बारे में जागरुक करते वक्ता। संवाद
मैनकाइंड इकाई परिसर में सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। पांवटा साहिब में मैनकाइंड ग्रुप के रामपुरघाट स्थित प्लांट में सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन हुआ। इस दौरान कंपनी के ऐसो समूह के माध्यम से नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्रदान की गई। शिविर के दौरान कंपनी के 900 से अधिक कर्मचारियों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारियां प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान मैनकाइंड समूह के क्लस्टर हेड और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ऑपरेशन सौम्य कुमार पांडा विशेष रूप से पहुंचे थे। उन्होंने कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारियां दी।
सौम्य कुमार पांडा ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न सर्फ आप बल्कि आपके परिवारों की भी सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। लिहाजा सभी लोग सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें और आसपास के अन्य लोगों को भी नियमों की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन न सिर्फ आपकी बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की भी सुरक्षा तय करता है। वाहन चलाते हुए मोबाइल का प्रयोग ना करें और नशा करके कभी भी वाहन ना चलाएं। सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग करें।
इस अवसर पर सौम्य कुमार पांडा ने नाटक का मंचन करने वाले कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के नाटक मनोरंजन के साथ-साथ नियमों के पालन की सीख देते हैं। इस दौरान मैनकाइंड कंपनी के सीनियर जीएम (साइट ऑपरेशन) देवीदास बंसोला, पर्यावरण सुरक्षा अधिकारी राहुल बालियान और शुभम शर्मा ने भी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर जागरूक किया।
संवाद