शिलाई (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय कफोटा में कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नलिन रमौल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा क्लब के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया।
पुलिस विभाग से आए सुमेर शर्मा और भगत ठाकुर ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने अपने व्याख्यान में बताया कि सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने पर विशेष जोर दिया।
विज्ञापन
सड़क सुरक्षा क्लब के कोऑर्डिनेटर प्रो. दिनेश शर्मा ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और समाज में भी इस विषय पर जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नलिन रमोल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।