भरली कॉलेज में रंगोली बनातीं छात्राएं। संवाद
राजकीय महाविद्यालय भरली में सड़क सुरक्षा क्लब ने करवाईं स्पर्धाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नघेता (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय भरली में सड़क सुरक्षा क्लब की ओर से प्रश्नोत्तरी, भाषण और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही सड़क सुरक्षा के महत्व पर अपने ज्ञान और कौशल का प्रदर्शन किया।
प्राचार्या डॉ. रितु पंत ने बताया कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पीयूष चौहान ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी बौद्धिक श्रेष्ठता साबित की। जबकि मोहित पुंडीर और महिमा तोमर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में कोमल ने अपने विचारों की स्पष्टता और प्रभावशीलता से प्रथम स्थान, वहीं माया और रिया ने अपनी सशक्त प्रस्तुति से क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रंगोली प्रतियोगिता में रीना, अंशु, और हेमलता ने रंगों के माध्यम से प्रभावशाली संदेश देते हुए क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर बाजी मारी। कार्यक्रम का संचालन सड़क सुरक्षा क्लब प्रभारी प्रोफेसर स्वाति चौहान ने किया। प्रोफेसर रेखा एवं प्रोफेसर सुनील ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।
-संवाद