विकास खंड शिलाई में दशकों पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी कई सड़कें उद्घाटन के लिए तरस रहीं हैं। क्षेत्र की शिलाई-पंधयाट सड़क कई वर्ष पूर्व बनकर तैयार हो गई थी मगर विभाग जनता की डिमांड के बाद भी इसको को पास करवाने में असफल रहा है।
इस लिंक रोड़ से क्षेत्र के अछोटी, धनाणा, पंधयाट, छातियों, डमोट व डिंगरवाड़ गांव के सैकड़ों लोगों को लाभ मिल रहा है। विभाग की ओर से रोड पास किए बगैर ही इस मार्ग पर छोटे निजी वाहन चल रहे हैं। इसके अलावा भी अन्य कई सड़कें उद्घाटन को तरस रहीं हैं।
क्षेत्र के ग्रामीण पुनिया राम, सूरत सिंह, अतर सिंह, कंवर सिंह, भूप सिंह, प्रताप सिंह, रघुवीर तोमर, कल्याण सिंह, गुमान सिंह आदि ने मांग की है कि विभाग की तरफ से शीघ्र इस मार्ग को पास किया जाए ताकि ग्रामीणों की सुविधा के लिए इस मार्ग पर निजी व सरकारी बस सुविधा चलाई जा सके। इस मार्ग के पास नहीं होने से ग्रामीणों को 108 एंबुलेंस सुविधा का भी लाभ नहीं मिल पा रहा है जिस कारण ग्रामीणों को बीमार मरीजों को निजी वाहनों में अस्पताल पहुंचाना पड़ता है।
उधर इस संबंध में लोनिवि उप मंडल शिलाई के कनिष्ठ अभियंता गुलाब सिंह पुंडीर ने बताया कि विभाग की ओर से मार्च से पूर्व इस सड़क का उद्घाटन करवाया जाएगा। विभाग इस मार्ग को पक्का करने की डीपीआर भी तैयार करने में जुटा हुआ है।