विकास खंड शिलाई में दशकों पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी कई सड़कें उद्घाटन को तरस रही हैं। क्षेत्र की शिलाई-पंधयाट सड़क कई वर्ष पूर्व बनकर तैयार हो गई थी। मगर विभाग जनता की मांग के बाद भी इस सड़क को पास करवाने में असफल रहा है। इस लिंक रोड से क्षेत्र के अछोटी, धनाणा, पंधयाट, छातियों, डमोट व डिंगरवाड़ गांव के सैकड़ों लोगों को लाभ मिल रहा है। विभाग की ओर से रोड पास किए बगैर ही इस मार्ग पर छोटे निजी वाहन चल रहे हैं। इसके अलावा भी अन्य कई सड़कें उद्घाटन को तरस रही हैं। ग्रामीण पुनिया राम, सूरत सिंह, अतर सिंह, कंवर सिंह, भूप सिंह, प्रताप सिंह, रघुवीर तोमर, कल्याण सिंह, गुमान सिंह आदि ने मांग की है कि शीघ्र इस मार्ग को पास किया जाए, ताकि निजी व सरकारी बस सुविधा मिल सके। सड़क पास नहीं होने से ग्रामीणों को 108 एंबुलेंस सुविधा का भी लाभ नहीं मिल पा रहा है। मरीजों को निजी वाहनों में अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। उधर, इस संबंध में लोनिवि उपमंडल शिलाई के कनिष्ठ अभियंता गुलाब सिंह पुंडीर ने बताया कि विभाग की ओर से मार्च से पूर्व इस सड़क का उद्घाटन करवाया जाएगा। विभाग इस मार्ग को पक्का करने की डीपीआर तैयार करने में जुटा हुआ है।