धूल मिट्टी और गड्ढों से हर रोज परेशानी झेल रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। मुख्यमार्ग पुरुवाला-डाकपत्थर जगह-जगह बदहाल हो गया है। ऐसे में यहां से गुजरने वाले लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। समस्याओं को देखते हुए लोगों ने संबंधित विभाग से समाधान करने की मांग उठाई है। जानकारी अनुसार पुरुवाला-डाकपत्थर सड़क खोड़ोवाला पेट्रोल पंप से गोजर, अडैन, मेहरूवाला, सिंहपुरा आदि के पास खस्ताहाल है। पुरुवाला क्रॉस होते ही सड़क पर मिट्टी, पत्थर बिखरे पड़े हैं, सड़क के किनारे टूटे हैं। घनी आबादी क्षेत्र के बीचोबीच सड़क पर तीव्र मोड़ और जगह-जगह गड्ढे हैं। इनकी वजह से यह मार्ग दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। इस सड़क से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। लोक निर्माण विभाग समेत प्रशासन के आला अधिकारियों के वाहन भी यहीं से सुबह-शाम गुजरते हैं। बावजूद इसके लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं ले रहे हैं। स्थानीय लोगों राकेश गुप्ता, कमलकांत, सीताराम, कृष्णा, सीमा, संदीप, कर्म सिंह, रंजीत आदि का कहना है कि खराब सड़क की वजह से आसपास के घरों में धूल-मिट्टी भर रही है। इससे बच्चों और बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खड़ी चढ़ाई और तीव्र मोड़ के कारण बड़े वाहन अक्सर संतुलन खो बैठते हैं, इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कहा कि लोक निर्माण विभाग से कई बार गुहार लगा चुके हैं। स्थानीय लोगों ने मांग कि जल्द मरम्मत की जाए और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रामभज तोमर ने कहा कि कुछ दिन पहले सड़क पर गड्ढों की भराई की थी, लेकिन ओवरलोड वाहनों से फिर खराब हो गई। शीघ्र ही इसे ठीक कर दिया जाएगा।