राजगढ़-खैरी-नाहन मार्ग पर नेहरबाग के समीप निर्माणाधीन पुलिया के पास में निजी बस। संवाद
-नेहरबाग में निर्माणाधीन पुलिया में फंसी निजी बस, लगा लंबा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़-खैरी-नाहन मार्ग पर नेहरबाग के समीप निर्माणाधीन पुलिया के पास एक निजी बस के फंस जाने से करीब छह घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सोलन से खैरी की ओर पर्यटकों को लेकर दो निजी बसें जा रही थीं। पहली बस सावधानीपूर्वक निर्माणाधीन हिस्से को पार कर गई, लेकिन दूसरी बस संकरे मोड़ पर पुलिया के किनारे फंस गई। बस का पिछला हिस्सा निर्माणाधीन पुलिया में अटक गया, जिससे वह न आगे बढ़ सकी और न ही पीछे हटाई जा सकी। इसके चलते कुछ ही देर में मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सड़क पूरी तरह यातायात के लिए बंद हो गई।
जाम के दौरान स्थानीय लोगों, पर्यटकों और अन्य यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों तक सड़क पर फंसे रहे। आवश्यक कार्यों से जा रहे लोगों और मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ी। सूचना मिलते के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पहले बस को बिना किसी नुकसान के निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर भारी मशीनरी मंगानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब पांच बजे बस को हटाया जा सका, जिसके बाद यातायात बहाल हुआ।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पवन गर्ग ने बताया कि नेहरबाग के पास निर्माणाधीन पुलिया पर एक निजी बस फंसने के कारण सड़क पूरी तरह बंद हो गई थी। सड़क सुबह करीब 11 बजे बंद हुई थी और शाम करीब पांच बजे बस हटाने के बाद ही यातायात सुचारु हो सका। उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों पर वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने और संकरे हिस्सों से गुजरते समय सतर्क रहने की अपील की।-