-विश्व नदी दिवस पर नाहन कॉलेज परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
-फ्लैग एरिया में बनाए आकर्षक चित्रों के माध्यम से जल स्रोत बचाने पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन की एनसीसी इकाई ने विश्व नदी दिवस के अवसर पर बुधवार को जागरूकता गतिविधि आयोजित की। एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय परिसर में चित्रों और संदेशों से सजा जागरूकता क्षेत्र तैयार कर विद्यार्थियों को नदियों और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया।
कैडेट्स ने नदी, जल स्रोत, पेड़-पौधों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े चित्र बनाए। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को नदियों में कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक न डालने, पानी का जरूरत के अनुसार उपयोग करने और प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। कैडेट चिराग ने तैयार जागरूकता क्षेत्र को डॉ. अनूप कुमार और प्रो. सुदेश के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने चित्रों और संदेशों के माध्यम से नदी एवं जल संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला और डॉ. देव राज ने गतिविधि का अवलोकन कर कैडेट्स के प्रयासों की सराहना की। प्राचार्य ने कहा कि नदियां जीवन और पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधन हैं। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है और विद्यार्थियों को समाज में भी जल संरक्षण का संदेश पहुंचाना चाहिए।
एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज ने बताया कि गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में नदी संरक्षण, जल बचाने और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कैडेट्स ने ‘जल है तो जीवन है’, ‘नदी बचाएं, पर्यावरण बचाएं’ और ‘स्वच्छ नदी, स्वस्थ जीवन’ जैसे संदेशों के जरिए विद्यार्थियों को जागरूक किया।