नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब क्षेत्र के ग्राम खैरी निवासी 77 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक प्रेमचंद अग्रवाल ने कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने, घर और दुकान के सामने गंदगी फैलाने तथा रास्ता रोकने के आरोप लगाए हैं। बुजुर्ग ने अप्रैल 2026 में इस संबंध में उपायुक्त सिरमौर को शिकायत सौंपी थी। शिकायत मिलने के बाद उपायुक्त कार्यालय से मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीएम नाहन को भेजा गया, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
कार्रवाई न होने के बाद आखिरकार मामले को मीडिया के समक्ष उठाते हुए प्रेमचंद अग्रवाल ने आरोप लगाया कि 8 मार्च 2026 को कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की और दुकान का सामान बाहर फेंक दिया। बुजुर्ग का कहना है कि उन्होंने उपायुक्त सहित एसपी सिरमौर, एसडीएम नाहन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने प्रशासन से जल्द गंदगी हटवाने, रास्ता खुलवाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। उधर, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि मामले में संबंधित अधिकारियों को जांच कर उचित कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। संवाद