अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले के आयोजन को लेकर तैयारियों ने पकड़ा जोर
योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले के आयोजन को लेकर निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। इस वर्ष मेले की तमाम व्यवस्थाओं को ठेके पर दिया जाएगा। इसे लेकर मेला प्रशासन ने निविदाओं को आमंत्रित किया है। निविदाओं के साथ 25 सितंबर को खुली बोली भी लगाई जाएगी।
गौरतलब है कि प्रतिवर्ष मेला प्रशासन मेले में मैस, सफाई, साजो सज्जा, टैंट-शमियाना, रोशनी व सीसीटीवी आदि लगाने की व्यवस्थाओं को ही ठेके पर देता आया है लेकिन इस मर्तबा मेला ग्राउंड, झूले और रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले से उगाई के लिए भी ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। पहली बार इन तीन व्यवस्थाओं को ठेके पर दिया जाएगा ताकि पारदर्शिता बनी रहे। प्रदर्शनियों के प्लाॅटों का आवंटन मेला प्रशासन स्वयं करेगा।
जानकारी के अनुसार निविदाओं से संबंधित नियम और शर्तों को मौके पर ही बताया जाएगा लेकिन सूत्रों की माने तो मेला मैदान के लिए 60 लाख, झूला सात लाख और रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए एक लाख रुपये की राशि (बेस मूल्य) निर्धारित की गई है, यानी 68 लाख रुपये से अधिक के टेंडर भरने के बाद बोली दाताओं को ही इन व्यवस्थाओं को ठेके पर दिया जाएगा। मेला प्रशासन को इस प्रक्रिया से एक करोड़ रुपये तक की आय अर्जित होने का अनुमान है।
-बाक्स
मेले से जुड़ी तीन व्यवस्थाओं के लिए आमंत्रित की निविदाएं
अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले से जुड़ी प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया को इस बार ठेके पर देने का फैसला हुआ है। इससे मेला मैदान, झूले व रेहड़ी-फड़ी वालों से किराया आदि वसूली की प्रक्रिया को ठेके पर दिया जा रहा है। इसकी निविदाएं आमंत्रित कर दी गईं हैं जो कि 25 सितंबर को एसडीएम कार्यालय नाहन में कमेटी के समक्ष खोली जाएंगी।
-राजीव सांख्यान, सदस्य सचिव, रेणुका विकास बोर्ड एवं एसडीएम नाहन
संवाद