सफाई के बाद चकाचक हुआ रेणुका मेला मैदान। संवाद
हाई कोर्ट की फटकार के बाद मेला परिसर की हुई संपूर्ण सफाई
दुकानदारों के मैदान में डटे रहने से चरमराई थी सफाई व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। उच्च न्यायालय कमेटी की फटकार के बाद मेला प्रशासन ने रेणुका मेला परिसर की संपूर्ण सफाई करवा ली है। उच्च न्यायालय टीम ने मंगलवार तक मेला परिसर की संपूर्ण सफाई करने के मेला प्रशासन को निर्देश दिए थे। इस पर संज्ञान लेते हुए मेला प्रशासन ने कर्मचारी बढ़ाकर मेला मैदान, रेनू मंच, मंदिर परिसर व परशुराम ताल के आसपास संपूर्ण सफाई करवा कर मेला स्थल को यथावत रूप दिया।
उल्लेखनीय है कि बीते रविवार को उच्च न्यायालय की ओर से गठित कमेटी के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं न्याय मित्र देवेन खन्ना ने मेला परिसर का औचक निरीक्षण करके वहां फैली गंदगी पर बोर्ड के अधिकारियों को फटकार लगाने के साथ ही दो दिन में सफाई करने के निर्देश दिए थे। बोर्ड ने भी सफाई ठेकेदार को तत्काल तलब करके संपूर्ण परिसर साफ करने के निर्देश दिए।
रेणुका विकास बोर्ड के सदस्य सचिव व एसडीएम नहान राजीव सांख्यान ने बताया कि मेला समाप्त होने के बाद मेला परिसर की हमेशा ही संपूर्ण सफाई करवाई जाती है। इस मर्तबा दुकानदारों के लंबे समय तक मैदान में डटे रहने से सफाई व्यवस्था चरमराई थी। रविवार को दुकानदारों से मेला परिसर खाली करवाने के तुरंत बाद सफाई को पुन: अंजाम दिया गया और मेला परिसर सहित आसपास की संपूर्ण सफाई करवा कर मेला मैदान को सुचारु किया गया है।
संवाद
सफाई के बाद चकाचक हुआ रेणुका मेला मैदान। संवाद