अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने सांसद सुरेश कश्यप को दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सिरमौर की अहम बैठक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पवन मिश्रा की अध्यक्षता में हुई। इसमें मेरा विद्यालय, मेरा तीर्थ के राष्ट्रीय सह संयोजक बलबीर सिंह नेगी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में शिक्षकों ने 23 अगस्त 2010 से पहले नियुक्त सभी शिक्षकों को टेट में एकमुश्त छूट देने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि एनसीटीई की ओर से सभी शिक्षकों के लिए टेट जरूरी किए जाने के कारण लाखों शिक्षकों की आजीविका पर संकट पैदा हो गया है।
बैठक के दौरान संगठन का प्रतिनिधिमंडल शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप से भी मिला और उनको ज्ञापन सौंपा। इसके माध्यम से संपूर्ण भारत में 23 अगस्त 2010 से पहले के नियुक्त सभी शिक्षकों को टेट में एकमुश्त छूट देने की मांग की।
इस मौके पर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिला सिरमौर के अध्यक्ष कपिल मोहन ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष रोहित कुमार, प्रांत सचिव मामराज चौधरी, कार्यालय सचिव ओंकार शर्मा सहित दोनों खंडों के 50 सक्रिय सदस्य मौजूद रहे।