मानवता की सेवा में रेडक्रॉस की अहम भूमिका : उपायुक्त
2 से 4 अक्तूबर तक चौगान में आयोजित होगा रेडक्रॉस मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। पीड़ित मानवता की सेवा के लिए रेडक्रॉस सोसायटी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। इसके लिए समाज के सभी नागरिकों को स्वेच्छा से आगे आकर पैटर्न, वाइस पैटर्न तथा आजीवन सदस्य बनकर अंशदान करना चाहिए ताकि जरूरतमंदों की आर्थिक तौर पर मदद की जा सके।
यह बात उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्राॅस सोसायटी सिरमौर सुमित खिमटा ने बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिला रेडक्रॉस सोसायटी की वार्षिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिला रेडक्रॉस सोसायटी के 9 पैटर्न, 3 वाइस पैटर्न तथा 1037 आजीवन सदस्य हैं। उन्होंने कहा पैटर्न के लिए 25 हजार, वाइस पैटर्न के लिए 12 हजार जबकि आजीवन सदस्य के लिए 2 हजार का सदस्यता शुल्क रखा गया है।
उन्होंने कहा कि जिला रेडक्राॅस सोसायटी की ओर से एकत्रित धन से जरूरतमंद, गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवार के सदस्यों की बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक मदद की जाती है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वह सोसायटी के सदस्य बनकर पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि आगामी 2 से 4 अक्तूबर, 2024 तक नाहन चौगान में रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा जिसमें रेडक्रॉस की गतिविधियों के अतिरिक्त विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगें। उन्होंने कहा कि जीएसटी कार्यालय के समीप रेडक्राॅस की भूमि पर पार्किंग बनाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में रेडक्रॉस के तहत कार्यरत कर्मचारियों के वेतन वृद्धि तथा बोनस पर भी सहमति हुई।
बैठक में डाॅ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज की कैंटीन के ऊपर दो दुकानों के किराये में बढ़ोतरी, पांवटा साहिब में वृद्धाश्रम, सफाई कर्मचारी के रिक्त पद भरने तथा खेल परिसर में सोसायटी की जिम के शुल्क के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई।
सहायक आयुक्त एवं सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी सिरमौर गौरव महाजन ने सोसायटी की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर एसडीएम पांवटा साहिब गुंजीत चीमा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डाॅ. अजय पाठक सहित सोसायटी के सरकारी तथा गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।