नाहन(सिरमौर)। नाहन चौगान मैदान में 8 व 9 मई को जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला आयोजन हो रहा है। इस दौरान चैरिटी सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा जिसमें प्रसिद्ध लोक गायक कुलदीप शर्मा अपनी दमदार आवाज से धमाल मचाएंगेे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह व विशिष्ट अतिथि सीपीएस विनय कुमार होंगे। मेले के आयोजन का मकसद रोजगार सृजन के माध्यम से जनसेवा, असहाय व जरूरतमंदों की सहायता को राशि एकत्र करना है।
जिला उपायुक्त सिरमौर एवं जिला स्तरीय रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष बीसी बडालिया ने बताया कि मेले में जिला स्तरीय मेले को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों को शामिल किया है। मनोरंजन को मेले में चैरिटी सांस्कृतिक संध्या आयोजन होगा जिसमें प्रदेश के प्रसिद्ध लोक गायक एवं नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने चैरिटी शो देने पर सहमति जताई है।
सूचना एवं जन संपर्क विभाग शिमला के कलाकारों के अलावा कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन, डाइट संस्थान, जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता टीम भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।
मेले में बच्चों के लिए झूले, विभिन्न सरकारी विभागों तथा स्वयं सेवी सहायता समूह अपने उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे। मेले में महिलाओं की विभिन्न प्रतियोगिताएं, खाने पीने के स्टॉल, रक्तदान शिविर, नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में विशेेषज्ञ चिकित्सक रोगियों की जांच करेंगे।
इस दौरान बेबी शो, डॉग शो, बॉडी बिल्डिंग शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।