नाहन (सिरमौर)। बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और बदी पर नेकी की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाने वाला विजयदशमी का त्योहार मंगलवार को नाहन में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। बुराई के प्रतीक के रूप में रावण, कुंभकर्ण, मेघनाथ के पुतले फूंके जाएंगे।
इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस दौरान पूरा नाहन शहर सतरंगी रोशनी से नहाएगा। इसके लिए नगर पालिका परिषद ने सभी प्रबंध पूरे कर लिए हैं। इस बार भी नगर पालिका ने लोगों के मनोरंजन के लिए लाखों रुपये की राशि खर्च की है।
बॉक्स---
हरी घास को बचाने की कवायद
चौगान मैदान में बरसात के दिनों में नगर पालिका ने हरी घास रोपी। वर्तमान में पूरा चौगान मैैदान घास से हरा भरा हो गया है। आधे हिस्से में घास की कटाई भी की गई है। लंका दहन के दौरान मैदान में लगी घास खराब न हो इसके लिए भी नगर परिषद ने प्रबंध किए हैं।
---
जमकर होगी आतिशबाजी
उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सूरत सिंह नेगी ने बताया कि नगर पालिका परिषद हर वर्ष लोगों के मनोरंजन के लिए लंका दहन के साथ आतिशबाजी के लिए लाखों का बजट खर्च करती है। मंगलवार शाम साढ़े 6 बजे कार्यक्रम शुरू होगा। उन्होंने बताया कि चौगान मैदान में लंका दहन किया जाएगा। नगर परिषद ने सारे प्रबंध पूरे कर लिए हैं।