पांवटा साहिब (सिरमौर)। एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत पांवटा साहिब के शहीद स्मारक पर रक्षा सूत्र संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने देश की रक्षा में योगदान देने वाले भूतपूर्व सैनिकों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ राष्ट्र के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सरदार गुरदीप सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि और थाना प्रभारी कुलवंत सिंह कंवर ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन करने के साथ हुई।
इस दौरान शीतल शर्मा, सीमा बोस, पूनम खंतवाला और प्रियंका वर्मा सहित अन्य महिलाओं ने भूतपूर्व सैनिकों को रक्षा सूत्र बांधे और उनकी लंबी उम्र व स्वस्थ जीवन की कामना की। महिलाओं ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात जवान और राष्ट्र की सेवा कर चुके सैनिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्हें राखी बांधना उनके लिए सम्मान और गर्व की बात है।
कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कर्नल करनेल सिंह, उपाध्यक्ष रामभज धीमान, सचिव ओमप्रकाश चौहान, कोषाध्यक्ष इन्द्र सिंह नेगी, नारायण सिंह, दीवान नेगी, मामराज चौहान, रोशन लाल, संतराम, सुरेंद्र चौधरी और ओमप्रकाश सहित संगठन के कई सदस्य मौजूद रहे। संवाद