नाहन(सिरमौर)। राज्य विद्युत परिषद तकनीकी कर्मचारी संघ जिला सिरमौर ने रविवार को नाहन में 19वां स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री यूसुफ अली ने की। कार्यक्रम में जिला भर से आए तकनीकी कर्मचारियों ने भाग लिया। इस मौके पर जिला स्तर के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। अपने संबोधन में यूसुफ अली ने सभी कर्मचारियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा रखी गई सभी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा। उन्होंने बोर्ड प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए कहा कि प्रबंधन वर्ग तकनीकी कर्मचारियों के साथ लगातार सौतेला व्यवहार कर रहा है जो हरगिज नहीं होना चाहिए।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता नाहन से अनुरोध किया कि वो तकनीकी कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने के लिए अपने अधीन मंडल स्तर के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी करें। कार्यक्रम में प्रदेश वित्त सचिव राजवीर ठाकुर, जिला प्रधान रतन सिंह, सचिव नंद लाल, राजगढ़ से अनिल सकलानी, चाइना से मदन सिंह, बागथन से रणवीर सिंह, ददाहू से विष्णुदत्त, नाहन से पृथ्वी सिंह, इरशाद मोहम्मद, बासीर, मोहम्मद तासीन, प्रीतम सैनी, प्रेमपाल, सुरेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
-----------------------